Ranchi: बिहार एसटीएफ (STF) और स्थानीय महागामा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर महागामा थाना क्षेत्र के ग्राम घाट बलिया स्थित पवन तुरी के घर में चल रही एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मौके से आरोपी हराधन मिर्धा और उनकी पत्नी गुलगुनी देवी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बेलहर थाना (कांड संख्या 98/26) के प्राथमिक आरोपी पवन तुरी (ग्राम मिर्जापुर बरदहा, थाना मुफसिल, जिला मुंगेर) के सहयोगी के सत्यापन और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी. इसी दौरान खुलासा हुआ कि पवन तुरी के घर में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार बनाने की मिनी गन फैक्ट्री संचालित की जा रही है. सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों और दंडाधिकारी की मौजूदगी में टीम गठित कर पवन तुरी के ठिकाने पर दबिश दी गई. छापेमारी के दौरान पुलिस अधिकारी भी घर के अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए. वहाँ बड़े पैमाने पर आधुनिक मशीनरी उपकरणों से हथियार तैयार किए जा रहे थे.
बरामदगी की लंबी फेहरिस्त
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार, उपकरण और कच्चा माल जब्त किया है, जिनमें 10 अदद अर्धनिर्मित देशी पिस्तौल की बॉडी, 20 ग्रिप, 12 कटे हुए बैरल, 22 मैगजीन पाइप तथा 150 से अधिक लोहे की प्लेटें, 01 लेथ मशीन, 03 मिलिंग मशीन, 02 ड्रिल मशीन, 01 लोहा कटर मशीन, 03 वाइस (Vice) मशीन तथा विभिन्न प्रकार की रेती, ग्राइंडिंग व्हील, अर्धनिर्मित पिस्टल सेट, देशी रायफल, जिंदा कारतूस, पल्सर बाइक (JH18N-1645), इलेक्ट्रिक स्कूटी, लैपटॉप, साउंड बॉक्स और कई मोबाइल फोन शामिल है. इस संबंध में महागामा थाना (कांड संख्या 166/26) में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज (Forward & Backward Linkage) का पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की सप्लाई कहाँ-कहाँ की जानी थी और इसमें मुंगेर गिरोह के और कौन-कौन से सदस्य शामिल हैं.
