Patna: मोतिहारी पुलिस ने मंगलवार देर रात छतौनी थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लाख 71 हजार रुपये नकद, सोना-चाँदी के आभूषण और अवैध हथियार बरामद किए. वही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी उज्जवल कुमार छतौनी मठिया का रहने वाला है. मुख्य आरोपी नरेश पाण्डेय फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक मोतिहारी एसपी के निर्देश पर परिक्ष्यमान डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में टीम ने छतौनी बाजार के आसमान राय टोला स्थित नरेश पाण्डेय के घर पर छापेमारी की. गुप्त सूचना थी कि वहां अवैध हथियार, नकद और जाली दस्तावेज छिपाए गए हैं. छापेमारी में पुलिस ने 1 देशी कट्टा, 7 गोली, 16.71 लाख भारतीय और 16 हजार नेपाली रुपये, 466 ग्राम सोना और 972 ग्राम चाँदी बरामद की. इसके अलावा स्टाम्प पेपर, ब्लैंक चेक और जमीन के कागजात भी मिले. इस दौरान पुलिस ने उज्जवल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. मुख्य आरोपी नरेश पाण्डेय फरार हो गया. पुलिस के अनुसार नरेश पर हत्या, उगाही और आर्म्स एक्ट के 18 मामले पहले से दर्ज हैं. उज्जवल पर भी 3 मामले हैं. पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
