Patna: कैमूर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने और उनकी तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है. कैमूर एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चैनपुर थाना पुलिस और डीआईयू (DIU) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चैनपुर बाजार के कस्बा मोहल्ला स्थित एक दुकान पर छापेमारी की. इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, उन्हें ढालने की मशीनें और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. वही आरोपी मोहम्मद असगर अली को गिरफ्तार किया गया है.
दुकान से कटर-ड्रिल, घर से मिले 25 जिंदा कारतूस
मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के कस्बा मोहल्ला निवासी आरोपी मोहम्मद असगर अली अपनी दुकान की आड़ में चोरी-छिपे हथियार बनाने और कारतूसों की तस्करी में लिप्त था. जब पुलिस टीम ने दुकान में विधिवत तलाशी ली, तो वहां से 03 बंदूक बैरल, 01 ड्रिल मशीन, 01 कटर मशीन और 01 हथौड़ी बरामद हुई. इसके तुरंत बाद जब आरोपी के घर की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए. घर से 25 पीस जिंदा कारतूस, 03 खोखा और एक बाईक बरामद की गई. कैमूर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद असगर अली को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. चैनपुर थाने में आरोपी के खिलाफ (कांड सं0-505/26) मामला दर्ज की गई है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस गिरोह के बाकी नेटवर्क और खरीदारों का पता लगा रही है.
