Patna: बेगूसराय जिले के चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र स्थित सकरौली गांव में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी और हिंसक माहौल बन गया, जब एक कुख्यात वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर अपराधियों के परिजनों और उपद्रवियों ने हमला कर दिया. लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने न सिर्फ पुलिस जवानों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, बल्कि पुलिस वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य वारंटी समेत पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में वांछित वारंटी रोहित कुमार उर्फ बुच्ची, अमरजीत कुमार, रंजीत कुमार ( तीनों पिता- लक्ष्मी महतो), लक्ष्मी महतो और रंजीत की पत्नी ललीता देवी का नाम शामिल है. आरोपी चेरियाबरियापरपुर थाना क्षेत्र के सकरौली, वार्ड नं. 04 का रहने वाला है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर की शाम करीब 6:00 बजे चेरियाबरियारपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम सकरौली (वार्ड नं. 04) में छापेमारी करने पहुंची थी. पुलिस खोदावंदपुर थाना (कांड सं०-89/19) के वांछित वारंटी एवं कुख्यात अपराधी रोहित कुमार उर्फ बुच्ची को पकड़ने गई थी. पुलिस को देखकर रोहित भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और सरकारी गाड़ी में बैठा लिया.
परिजनों ने किया जानलेवा हमला
जैसे ही पुलिस रोहित को ले जाने लगी, उसके परिवार के सदस्य—अमरजीत कुमार, रंजीत कुमार, लक्ष्मी महतो और ललीता देवी अन्य अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर पुलिस टीम पर टूट पड़े. उपद्रवियों का मकसद वारंटी रोहित को पुलिस हिरासत से छुड़ाना था. इस हिंसक हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और सरकारी वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित करते हुए वारंटी रोहित कुमार के साथ-साथ हमला करने वाले चार अन्य परिजनों को भी रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. घटना के तुरंत बाद घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चेरियाबरियारपुर ले जाया गया. पुलिस के अनुसार, घटना का वीडियो फुटेज उपलब्ध है, जिसके आधार पर हमले में शामिल अन्य अज्ञात उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. थानाध्यक्ष के स्वलिखित बयान पर चेरियाबरियारपुर थाना (कांड संख्या 152/26) में मामला दर्ज किया गया है.
