Patna: पुलिस महकमे में अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है. एसपी द्वारा की गई समीक्षा और औचक निरीक्षण के बाद दो पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए स्पष्टीकरण मांगा गया है.

केस अनुसंधान में लापरवाही पर दरोगा सस्पेंड

एसपी ने कोचाधामन थाना (कांड संख्या 445/26) में दर्ज मामले की समीक्षा के दौरान अनुसंधान में भारी त्रुटियां और असंतोषजनक कार्य पाया. मामले में कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता और आदेश उल्लंघन के आरोप में काचोधामन थाना में तानात एसआई अरूण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.

ड्यूटी से गायब रहने पर अपर थानाध्यक्ष पर गिरी गाज

पौआखाली थाना के औचक निरीक्षण के दौरान ओ०डी० अधिकारी ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए गए. अंचल पुलिस निरीक्षक, ठाकुरगंज की जांच रिपोर्ट के आधार पर अपर थानाध्यक्ष एसआई धनंजय कुमार सिंह को अनुशासनहीनता और मनमानेपन के आरोप में निलंबित कर दिया गया है.

बिना वर्दी सादे कपड़ों में घूमते मिले प्रभारी, 2 दिन में मांगा जवाब

छतरगाछ कैम्प (पहाड़कट्टा थाना) के औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फरियादियों से मिलने के लिए कोई भी अधिकारी वर्दी में मौजूद नहीं था. कैम्प प्रभारी एसआई कुन्दन कुमार और जवान कृष्णलाल देव सादे लिबास में इधर-उधर घूमते पाए गए. एसपी ने दोनों अधिकारियों से 2 दिनों के भीतर विभागीय कार्रवाई के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed