Ranchi: रांची शहर में लगातार हो रही चैन छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने गुप्त निगरानी के आधार पर कुख्यात ‘कोड़ा गैंग’ के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान हथियार बरामदगी के लिए ले जाते समय एक अपराधी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई. गिरफ्तार अपराधी में बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नयाटोली जुराबगंज के रहने वाले आकाश यादव उर्फ रंगीला (मुठभेड़ में जख्मी), अमन कुमार यादव और कार्तिक यादव उर्फ दिनेश का नाम शामिल है. मौके पर से दो बाइक, एक गोली, एक देशी कट्टा, सोने की छीनी हुई 04 चैन एवं 01 आधा चैन पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तार आऱोपी पर बिहार और झारखंड (रांची, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद) के विभिन्न जिलों में आर्म्स एक्ट, लूट और छिनतई जैसे 40 से अधिक मामले दर्ज हैं.
मुठभेड़ की स्थिति और हथियार बरामदगी
एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने बरियातू और मेसरा क्षेत्र में हुई चैन छिनतई के मामलों में शामिल अपराधियों की घेराबंदी की. पूछताछ के दौरान अपराधियों ने रांची जिले में लगभग एक दर्जनों मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. जब पुलिस टीम अपराधियों की निशानदेही पर रिंग रोड (चुटू गांव के पास) छिपाए गए हथियार बरामद करने ले जा रही थी, तभी आकाश यादव उर्फ रंगीला ने बरियातू थाना के हवलदार रवींद्र कुमार से पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने लगा. बरियातू थाना प्रभारी द्वारा की गई जवाबी (आत्मरक्षार्थ) कार्रवाई में आकाश के पैर में गोली लगी और उसे खदेड़कर दबोच लिया गया. घायल अपराधी को इलाज के लिए रिम्स (RIMS) में भर्ती कराया गया है.
