Patna: वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के बलवा कुआरी में बीते 2 अक्टूबर को पीयूष कुमार पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी को वैशाली पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर ऋषभ कुमार उर्फ शिवा और उसके एक नाबालिग साथी (विधि-विरुद्ध बालक) को गिरफ्तार कर लिया है.
पुरानी रंजिश और 3 लाख की सुपारी बनी वजह
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. घटना के पीछे पुरानी रंजिश और सुपारी किलिंग का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, कुछ माह पूर्व पीयूष कुमार पटना में अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया था. उसी घटना का बदला लेने के लिए गिरफ्तार अभियुक्त ऋषभ कुमार ने किसी अन्य व्यक्ति से 3 लाख रुपये की सुपारी ली थी और अपने ही दोस्त पीयूष को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसपी के निर्देशानुसार एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर 3 खोखे बरामद किए थे. तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर ऋषभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस फिलहाल घटना में संलिप्त अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है और सुपारी देने वाले व्यक्ति तक पहुँचने के लिए छापेमारी जारी है.
