Patna: मोतिहारी जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस की संवेदनहीनता और बड़ी लापरवाही सामने आई है. पुलिसकर्मियों द्वारा दुर्घटना में मृत व्यक्ति के पार्थिव शरीर को ठेले पर लादकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया. इस अमानवीय कृत्य के कारण मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर-1 ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. जांच के दौरान रघुनाथपुर थाना के गश्ती वाहन में तैनात एसआई अंबिका प्रसाद यादव और थानाध्यक्ष की घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और मनमानापन उजागर हुआ. एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर, कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता और अमानवीय व्यवहार के आरोप में एसआई अंबिका प्रसाद यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इसके साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए रघुनाथपुर थानाध्यक्ष से भी जवाब-तलब करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है.
