Patna: अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध शराब व मादक पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए बिहार में 27 सितंबर की रात व्यापक पुलिस अभियान चलाया गया. प्रधान सचिव, गृह विभाग के निर्देश पर बिहार पुलिस, रेल पुलिस तथा मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की ओर से चलाए गए संपूर्ण क्षेत्रव्यापी अभियान (Full Field Day Drive) में राज्यभर में एक घंटे के दौरान बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई. अभियान में 47,958 वाहनों की जांच और 750 से अधिक गिरफ्तारियां की गईं.
रात 9 से 10 बजे तक चला विशेष अभियान
जिलों में एसपी और एसडीपीओ के नेतृत्व में रात 9 से 10 बजे तक विशेष समकालीन अभियान चलाया गया. इस दौरान पटना, नालंदा, गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, अरवल, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मोतिहारी, बेतिया, बगहा, सारण और सीवान समेत विभिन्न जिलों में सघन गश्ती, वाहन जांच, गिरफ्तारी, वारंट निष्पादन और अवैध शराब-मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
47,718 वाहनों की जिला पुलिस ने की जांच
जिला पुलिस की कार्रवाई में 47,718 वाहनों की जांच की गई. इनमें 3,660 वाहनों से 56 लाख 54 रुपये की शमन राशि वसूल की गई, जबकि 110 वाहन जब्त किए गए. अभियान के दौरान 736 अभियुक्त और 116 वारंटी गिरफ्तार किए गए. शराब के नशे में पाए गए 29 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया.
शराब और मादक पदार्थों की बड़ी बरामदगी
अभियान के दौरान पुलिस ने 1,169.63 लीटर देशी शराब, 3,482.482 लीटर विदेशी शराब, 216 ग्राम स्मैक, 3.17 ग्राम हेरोइन और 3.37 किलोग्राम गांजा बरामद किया. इसके अलावा चार हथियार, एक कारतूस, 54 मोबाइल फोन और 9.31 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए.
रेल पुलिस ने भी कसा शिकंजा
रेल पुलिस ने अभियान के दौरान 240 वाहनों की जांच की. इस दौरान नौ आरोपी और एक वारंटी गिरफ्तार किए गए. रेल पुलिस ने 55.3 लीटर देशी शराब, 205.13 लीटर विदेशी शराब, छह मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए.
पटना में 131 दुकानों की जांच
पटना में मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने 131 दुकानों की जांच की. गांधी मैदान क्षेत्र से 74 लीटर आईएमएफएल, एक ऑटो, एक बुलेट, एक स्कूटी, 50 एटीएम, पासबुक व चेकबुक तथा दो मोबाइल बरामद किए गए. कोतवाली क्षेत्र से 280 ग्राम गांजा और दो मोबाइल, जबकि शास्त्रीनगर क्षेत्र से 37 पीस सिगरेट, गांजा और सात पीस गोगो बरामद किया गया. इन कार्रवाइयों में चार लोगों की गिरफ्तारी हुई.
जब्त 50 एटीएम की साइबर जांच के निर्देश
गांधी मैदान क्षेत्र से बरामद 50 एटीएम, पासबुक और चेकबुक को आर्थिक आपराधिक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है. इनकी साइबर इकाई से जांच कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि आर्थिक अपराध से जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी सामने आ सके.
समन्वित कार्रवाई जारी रखने का निर्देश
अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक और वांछित एवं वारंटी आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना रहा. गृह विभाग की निगरानी में जिला पुलिस, रेल पुलिस तथा मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के समन्वित प्रयास से अभियान चलाया गया. प्रधान सचिव, गृह विभाग ने सभी संबंधित इकाइयों को ऐसे अभियान प्रभावी तरीके से जारी रखने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
