Patna: मोतीपुर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नकली नोटों और ‘मनोरंजन बैंक’ अंकित कूपन के जरिए लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी समेत 6 आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के मो साबिर मोतिहारी जिले के कोटवा थाना क्षेत्र के साधु सहनी,कृष्ण पटेल, राहुल कुमार सिंह, वीरेंद्र पासवान और तुरकौलिया थाना क्षेत्र के रिटायर्ड होमगार्ड जवान सुरेश राय का नाम शामिल है. आरोपी के पास से 71,200 रुपया नगद, 10,07,600 मनोरंजन बैंक कूपन नोट, स्कॉर्पियो गाड़ी, 06 मोबाइल फोन, पिठ्ठू बैग (RBI अंकित), पुलिस लिखित फ्लेक्स बोर्ड, बीएचडी  बैज लगी खाकी वर्दी और टोपी पुलिस ने बरामद किया है.

नोट दोगुना करने का देते थे लालच

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि मोतीपुर बाजार एवं बस स्टैंड इलाके में स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग भारतीय मुद्रा जैसे दिखने वाले ‘मनोरंजन बैंक’ कूपन नोटों का इस्तेमाल कर लोगों से ठगी का प्रयास कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर घेरा डाला. पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने सभी 6 आरोपियों को दबोच लिया. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे मनोरंजन बैंक के कूपन नोटों की गड्डियों के ऊपर और नीचे असली भारतीय मुद्रा (नोट) लगा देते थे. इसके बाद वे आम लोगों को पैसे दोगुना करने या अधिक लाभ कमाने का झांसा देकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे. आरोपियों के पास से बिहार गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के एक सेवानिवृत्त कर्मी सुरेश राय की वर्दी और टोपी भी बरामद की गई है. गिरोह से जुड़े फरार अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed