Ranchi: आगामी दुर्गा पूजा को लेकर झारखंड पुलिस ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है. डीजीपी ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में राज्यभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की. बैठक में पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन जुलूस, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक, सोशल मीडिया और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए. डीजीपी ने सभी जिलों में नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे पुलिस पदाधिकारी और बल के साथ सक्रिय रखने का निर्देश दिया किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस मुख्यालय के वरीय अधिकारियों और महानिदेशक नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया. बलों के मूवमेंट के दौरान भी पुलिस पदाधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों का सत्यापन कराया जाएगा. वरीय अधिकारी स्वयं पंडालों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे. पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी तैनात किए जाएंगे। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है.
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा स्थलों तक जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने, सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था और महिला-पुरुषों के लिए अलग प्रवेश व निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. पंडालों में पर्याप्त रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ जरूरत के अनुसार ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं. संवेदनशील पंडालों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी.
छेड़खानी, चोरी और चेन स्नैचिंग पर विशेष नजर
असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़खानी, चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया है. भीड़ वाले पंडालों में Emergency Exit Gate की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने तथा पुलिस हेल्पडेस्क बनाने के निर्देश दिए गए.
आग, बिजली और मेडिकल इमरजेंसी की भी तैयारी
पंडालों और पूजा स्थलों पर अग्निशमन, आपातकालीन चिकित्सा और विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने के साथ वॉलेंटियर या पुलिस मित्रों की मदद लेने का भी निर्देश दिया गया.
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर नजर
डीजीपी ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण, आपत्तिजनक पोस्ट अथवा अफवाह फैलाकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है.
अवैध चंदा और नशे के कारोबार पर भी कार्रवाई
पूजा के नाम पर होने वाली अवैध चंदा वसूली को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. इसके साथ ही अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ छापेमारी तेज करने को कहा गया. जिलों के संवेदनशील हॉट-स्पॉट चिन्हित कर वहां लगातार आसूचना संकलन और एंटी क्राइम चेकिंग कराने के निर्देश दिए गए.
डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
डांडिया और अन्य नृत्य समारोहों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया. भीड़ वाले आयोजनों में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पहले से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की रणनीति तैयार करने का निर्देश दिया गया.
विसर्जन जुलूस और घाटों पर भी कड़ी निगरानी
दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन की तिथि और जुलूस मार्गों का सत्यापन करने को कहा गया है. जुलूस मार्ग में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों और विवादित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. विसर्जन घाटों और नदियों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जुलूस की वीडियोग्राफी और ड्रोन सर्विलांस कराने, साउंड सिस्टम से उत्तेजक गानों के प्रयोग पर नियंत्रण रखने तथा विसर्जन स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा गया. डीजे के संबंध में उच्च न्यायालय के आदेश का अक्षरशः पालन कराने का भी निर्देश दिया गया.
शांति समिति की बैठक और सघन गश्ती के निर्देश
सभी एसपी को सांप्रदायिक दंगों से संबंधित मामलों, लंबित वारंट और कुर्की का निष्पादन करने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार आसूचना जुटाने तथा थाना और जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया. स्थानीय लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए सघन गश्ती और एंटी क्राइम चेकिंग कराने पर भी जोर दिया गया. बैठक में एडीजी अभियान टी. कंदसामी, एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक, आईजी विशेष शाखा प्रभात कुमार समेत पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. राज्य के सभी प्रक्षेत्रीय आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े.
