Ranchi: हजारीबाग एसपी ने बुधवार को बरही एसडीपीओ की उपस्थिति में बरही थाना प्रभारी एवं थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर नए-पुराने सभी कांडों की समीक्षा की. बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए.
एसपी ने निर्देश देते हुए कहा कि वर्ष 2025 के पूर्व एवं वर्तमान में जितने भी कांड लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निष्पादित किया जाए. बरही थाना में जमानती, गैरजमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की-जब्ती से संबंधित जितने भी मामले लंबित हैं, उनके निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. प्रत्येक सोमवार को थाना में सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी. अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर उसमें शामिल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. थानों में आने वाले आम पब्लिक की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका समय पर निष्पादन सुनिश्चित करें. जमीन विवाद से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा थाना दिवस में करें और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पत्राचार करें.
