Ranchi: राजधानी रांची में कार किराये पर लेने के नाम पर वाहन मालिकों से धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. गिरोह के सदस्य ट्रैवल्स कंपनी के नाम पर लोगों से चारपहिया वाहन किराये पर लेते थे. शुरुआत में एक-दो महीने तक वाहन मालिकों को किराया दिया जाता था, फिर उनकी गाड़ियों को दूसरे लोगों के पास मोटी रकम लेकर गिरवी रख दिया जाता था. इसके बाद किराया देना बंद कर वाहन मालिकों से संपर्क तोड़ लिया जाता था. ओरमांझी थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर फॉर्च्यूनर कार (JH01CZ 6468), मारुति कार (JH01GD 8234), फ्रॉन्क्स कार (JH01FM 8452), बिना नंबर की नई बलेनो कार और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी में खेलगांव थाना क्षेत्र के त्रिवेणीपुरम सोसाइटी स्वर्णरेखा-04 के रहने वाले विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की, ज्योति कुमार और धुर्वा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट के रहने वाले मनोज कुमार का नाम शामिल है.
शुभ यात्रा ट्रैवल्स की आड़ में चल रहा था ठगी का कारोबार
पुलिस के अनुसार, विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की ने रातू रोड स्थित मॉल ऑफ रांची के बगल में प्रार्थना हाइट्स में शुभ यात्रा ट्रैवल्स के नाम से कार्यालय खोल रखा था. इसी ट्रैवल्स कंपनी के माध्यम से गिरोह के सदस्य लोगों को अधिक किराया देने का लालच देकर उनकी गाड़ियां एग्रीमेंट के आधार पर लेते थे. कुछ समय तक किराया देने के बाद वाहनों को दूसरे लोगों के पास बंधक रखकर मोटी रकम वसूल लेते थे. इसके बाद वाहन मालिकों को किराया देना बंद कर उनसे संपर्क तोड़ देते थे.
फॉर्च्यूनर और सेल्टोस लेकर हुए थे फरार
इस मामले में हरचंडा निवासी सनी कुमार ने 29 अक्टूबर को ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि विश्वजीत कुमार सिंह, ज्योति कुमारी और मनोज कुमार ने किराये पर लेने की बात कहकर उनकी दो गाड़ियां फॉर्च्यूनर और सेल्टोस ले ली थीं. बाद में जानकारी मिली कि आरोपी इसी तरह अन्य लोगों के वाहनों के साथ भी धोखाधड़ी कर रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की, ज्योति कुमारी और मनोज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है. उनकी निशानदेही पर वादी की फॉर्च्यूनर के अलावा तीन अन्य कारें बरामद की गईं.
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं नौ आपराधिक मामले
मुख्य आरोपी विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है. उसके खिलाफ मुंगेर और रांची के विभिन्न थानों में नौ मामले दर्ज हैं. इनमें आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, धोखाधड़ी से संबंधित अपराध तथा अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं. वहीं, दूसरे आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना में उत्पाद अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज है. पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. साथ ही धोखाधड़ी के जरिए दूसरे लोगों के पास रखे गए वाहनों की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है. इस संबंध में ओरमांझी थाना (कांड संख्या 151/26) में मामला दर्ज किया गया है.
