Patna: भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है. ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने मंगलवार को पटना जिले के समपतचक थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, चैनपुर के प्रधानाध्यापक कुणाल प्रियदर्शी को 50,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी से पूछताछ के उपरांत निगरानी के विशेष न्यायालय में उपस्थापित किया जाएगा.
रिश्वत का मामला
परिवादी अरुण कुमार सिंह ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप था कि प्रधानाध्यापक कुणाल प्रियदर्शी द्वारा वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 में सफल 152 परीक्षार्थियों का अंक प्रमाण पत्र एवं सीएलसी देने के बदले 400 रुपये प्रति छात्र के हिसाब से रिश्वत की मांग की जा रही है. ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया और सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिला. प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर निगरानी थाना (कांड सं0-076/26) में मामला दर्ज किया गया. इसके बाद अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया. धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त कुणाल प्रियदर्शी को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए विद्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया है.
