Patna: बिहार में फर्नीचर एवं इंटीरियर उत्पाद विनिर्माण क्षेत्र को नई गति देने के लिए मुजफ्फरपुर के औद्योगिक क्षेत्र डुमरिया में आधुनिक विनिर्माण इकाई स्थापित की जाएगी. M/s City Advertising द्वारा लगभग 14.74 करोड़ के निवेश से यह परियोजना विकसित होगी, जिससे राज्य के विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलने के साथ 50 लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा. उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार विविध विनिर्माण क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित कर राज्य को आधुनिक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. इस प्रकार की परियोजनाएँ स्थानीय उद्योगों को नई मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ रोजगार सृजन एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.

0.46 एकड़ में बनेगी यूनिट

प्रस्तावित इकाई 0.46 एकड़ क्षेत्र में स्थापित की जाएगी। यहां मॉड्यूलर फर्नीचर, स्टील आलमारी तथा घरेलू एवं कार्यालय उपयोग के इंटीरियर उत्पादों का निर्माण होगा. इस परियोजना से बिहार में फर्नीचर एवं इंटीरियर उत्पादों के आधुनिक विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध होंगे. इस इकाई को स्थापित करने के लिए बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार BIADA की परियोजना समाशोधन समिति PCC की बैठक में स्वीकृति दी गई. उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएँ एवं निवेशक-अनुकूल नीतियाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं. फर्नीचर एवं इंटीरियर उत्पाद निर्माण जैसे क्षेत्रों में हो रहे निवेश राज्य के औद्योगिक विकास को गति देंगे तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed