Patna: कटिहार पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र में फायरिंग और मारपीट के मामले का 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. कटिहार एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा. गिरफ्तार आरोपी राजीव रंजन उर्फ बॉबी यादव नगर थाना क्षेत्र के नयाटोला का रहने वाला है. पुलिस फरार चल रहे अन्य दो सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. फायरिंग में प्रयुक्त पिस्टल की बरामदगी के लिए भी छापेमारी जारी है.

क्या है मामला

मिली जानकारी के मुताबिक बीते सोमवार को करीब 3:45 बजे पूर्वाह्न उम्मीद फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र, केबी झा कॉलेज के सामने में पूर्व में इलाजरत राजीव रंजन उर्फ बॉबी यादव अपने दो सहयोगियों के साथ कार्यालय में घुस आया. वहां उसने केंद्र में कार्यरत शिमांशु कुमार से गाली-गलौज व मारपीट की. इसके बाद कमर से पिस्टल निकालकर फायरिंग की. कार्यालय में रखा लैपटॉप लेकर फरार हो गया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी. इस संबंध में वादी शिमांशु कुमार के आवेदन पर नगर थाना (कांड संख्या-730/26) में मामला दर्ज की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए कटिहार एसपी निर्देशानुसार एसडीपीओ -01 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम एसआईटी का गठन किया गया. मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी राजीव रंजन उर्फ बॉबी यादव को गिरफ्तार किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed