Ranchi: झारखंड भाजपा ने वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से चुनावी तैयारी का बिगुल फूंक दिया है. पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह सह प्रदेश पदाधिकारी बैठक में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सिर्फ कदम बढ़ाने की जरूरत है, 2029 में झारखंड फतह करने से कोई नहीं रोक सकता. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता दृढ़ संकल्प के साथ जुट जाएं तो कोई लक्ष्य असंभव नहीं है.
‘बंगाल-दिल्ली जीत चुके, झारखंड क्यों नहीं?’
गजेंद्र पटेल ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा ने दृढ़ संकल्प के साथ पश्चिम बंगाल और दिल्ली में जीत हासिल की है. झारखंड में तो पार्टी पहले भी कई बार सरकार बना चुकी है. ऐसे में यह प्रदेश भाजपा क्यों नहीं जीत सकती? उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर झारखंड को गढ़ना है और प्रदेश की दशा एवं दिशा बदलने के लिए पूरी ताकत से काम करना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2029 में हर हाल में झारखंड फतह** करने के संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया.
राजधानी से मंडल तक संगठन की समीक्षा
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पार्टी अपनी खूबियों और कमियों की ईमानदारी से समीक्षा करेगी. काम केवल राजधानी और प्रदेश मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिला, विधानसभा और जरूरत पड़ने पर मंडल स्तर तक जाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के आधार और विचारधारा पर खड़ी पार्टी है. आने वाले समय में आयोजित होने वाली सेवा ज्योति संकल्प यात्रा को भी पूरे मनोयोग से सफल बनाने का आह्वान किया.
कार्यकर्ता ठान लें तो कुछ भी असंभव नहीं
पटेल ने कहा कि वह और सह-प्रभारी कार्यकर्ताओं के ऊपर कोई आदेश थोपने नहीं, बल्कि उनके साथ सहयोगी के रूप में काम करने आए हैं. कार्यकर्ता बेहिचक अपने सुझाव उनके साथ साझा कर सकते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता अगर किसी लक्ष्य को हासिल करने की ठान लें तो कुछ भी असंभव नहीं है. बंगाल, ओडिशा और नई दिल्ली में सरकार बनाकर कार्यकर्ताओं ने इसे साबित किया है.
झारखंड की धरती पर गर्व महसूस कर रहा हूं : पटेल
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि झारखंड वीरों और कर्म की भूमि है. यहां आकर वह गर्व महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए गर्मजोशी से स्वागत-अभिनंदन के लिए आभार जताया. साथ ही आगामी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस को भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया.
प्रदेश अध्यक्ष ने बताई आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रदेश प्रभारी एवं सह-प्रभारियों ने अपने कार्य की शुरुआत झारखंड के वीर सपूत भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को नमन कर की है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता से सफल बनाने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों में नए और पुराने कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए. साथ ही 7 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम के मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों के नामों की घोषणा भी की.
संगठन की मजबूती का पहला मंत्र- मजबूत बूथ
संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन विस्तार लगातार चलने वाली प्रक्रिया है. पार्टी कार्यकर्ताओं को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाज के बीच जाकर काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों ने देश में विकास के कई काम किए हैं. गांवों को सड़कों से जोड़ने, बिजली पहुंचाने, गरीबों को गैस कनेक्शन देने और आयुष्मान भारत के माध्यम से गरीबों को इलाज की सुविधा देने जैसे कार्यों को उन्होंने सरकार की उपलब्धि बताया. पवन साय ने चुनावी जीत का मंत्र बताते हुए कहा कि अगर बूथ मजबूत होगा, तभी चुनाव जीता जा सकेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया.
कर्मवीर सिंह को दी गई विदाई
कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई दी गई. भाजपा नेताओं ने उनके नए दायित्व और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं. कर्मवीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आगामी कार्यक्रमों को भी भव्य रूप से आयोजित करने का आह्वान किया. इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया. प्रदेश प्रभारी एवं सह-प्रभारियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया. मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम में पार्टी के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े.
