Patna: बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार और सरकारी कार्यों में लापरवाही के खिलाफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही तय हो और जनहित से जुड़े कार्य समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं. जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मुख्यमंत्री ने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, भूमि विवादों के त्वरित निपटारे और पुलिस की रात्रि गश्ती पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ सभागार में जिला पदाधिकारियों, एसएसपी और एसपी के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन के पहले दिन की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे.
रात्रि गश्ती की GPS से होगी निगरानी, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि गश्ती की निगरानी GPS के माध्यम से की जाए. फरार अपराधियों की लगातार ट्रैकिंग कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. इस काम की निगरानी आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी स्वयं करें. उन्होंने पुलिस बल की संख्या, उपलब्ध संसाधनों और तैनाती की अद्यतन जानकारी रखने के साथ रियल टाइम मॉनिटरिंग का निर्देश दिया. हथियारों के नियमित सत्यापन और उनके प्रदर्शन पर भी सख्त निगरानी रखने को कहा.
भूमि विवादों के समाधान के लिए हर सप्ताह बैठक
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि विवाद विधि-व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. इसके समाधान के लिए अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की सप्ताह में एक बार नियमित बैठक होनी चाहिए. डीसीएलआर और एडीएम के न्यायालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भूमि विवादों का समयबद्ध निपटारा हो सके. उन्होंने गरीब एवं कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय दिलाने तथा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जनता दरबार लगाएं अधिकारी, महीने में दो बार करें प्रेस कॉन्फ्रेंस
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम लोगों से फीडबैक लेकर प्रशासनिक व्यवस्था को जनहित के अनुरूप बनाया जाए. स्थानीय स्तर पर कार्यरत अधिकारियों की गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी तरह की अनियमितता नहीं हो. सोशल मीडिया पर मिलने वाली जनशिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया. विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस निर्धारित समयसीमा के भीतर जवाब दे, जबकि विकास और जनकल्याण से संबंधित शिकायतों का समाधान संबंधित विभाग करें. मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया.
कृषि, स्वास्थ्य और उद्योग से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान और जिला अस्पतालों की रेफरल व्यवस्था की समीक्षा की गई. कृषि विभाग के तहत बीज और खाद की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने एकीकृत कृषि प्रणाली, नकदी फसलों और किसान उत्पादक संगठनों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया. जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में लैंड बैंक विकसित करने और स्थानीय उद्योगपतियों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें.
सड़क के ब्लैक स्पॉट सुधारने और बाढ़ प्रबंधन पर निर्देश
पथ निर्माण और जल संसाधन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं वाले ब्लैक स्पॉट को सुधारने का निर्देश दिया. बाढ़ एवं गाद प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा अंतरराज्यीय नदी लिंक परियोजनाओं को आगामी मानसून से पहले पूरा करने की दिशा में तेजी लाने को कहा.
पहले दिन 13 विभागों के कामकाज की हुई समीक्षा
दो दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन गृह विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सीएम-क्यूआरटी, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व एवं भूमि सुधार, उद्योग, पथ निर्माण, जल संसाधन, शिक्षा, उच्च शिक्षा, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई. विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिवों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने भी जिलों में विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और विधि-व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया.
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक और सभी जिलों के डीएम एवं एसपी उपस्थित थे.
