Patna: खगड़िया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मिथिलेश महतो को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. 28 नवंबर को हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में मिथिलेश के पैर में गोली लगी है. घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वह न सिर्फ खगड़िया जिले का वांछित अपराधी था, बल्कि पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची ‘श्नोटोरियस फेज-VI’ में भी शामिल था.

चश्मदीद बच्ची की हत्या की रच रहा था साजिश

पुलिस के अनुसार, मिथिलेश महतो एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था. उसे चौथम थाना कांड संख्या 181/26 की मुख्य चश्मदीद गवाह की हत्या की साजिश रचने की सूचना मिली थी. यह वही 10 वर्षीय बच्ची है, जिसका गला भी हमले के दौरान रेता गया था, लेकिन इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी. वह तिहरे हत्याकांड की अहम चश्मदीद गवाह है. पुलिस को सूचना मिली थी कि मिथिलेश इस बच्ची की हत्या के लिए अपराधियों और हथियारों को जुटा रहा है.

गवाह की सुरक्षा के बाद पुलिस ने बिछाया जाल

सूचना की गंभीरता को देखते हुए खगड़िया एसपी के निर्देश पर सबसे पहले चश्मदीद बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित की गई और उसके पास पुलिस बल तैनात किया गया. इसके बाद एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में विशेष संयुक्त टीम गठित की गई.

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

28 नवंबर को मानवीय और तकनीकी आसूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मिथिलेश की घेराबंदी कर गिरफ्तारी का प्रयास किया. इसी दौरान अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मिथिलेश महतो के पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

दिल्ली में एक ही परिवार के तीन लोगों की कर चुका है हत्या

मिथिलेश महतो का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर रहा है. वर्ष 2015 में दिल्ली के सराय रोहिला थाना क्षेत्र में उसने अपने मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों चंदू लाल (70), गुल्ला देवी (65) और राकेश कुमार (30) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी. इस मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी. पुलिस के मुताबिक, करीब नौ साल की सजा काटने के बाद वह हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आया था.

जमानत पर छूटते ही खगड़िया में की हत्या

दिल्ली से जमानत पर बाहर आने के बाद नवंबर 2024 में उसने गंगौर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर अजय कुमार साह की हत्या कर दी और शव को जमीन में गाड़ दिया था. इस मामले में भी उसे जेल जाना पड़ा था. खगड़िया जेल से बाहर आने के बाद जून 2026 में मिथिलेश ने चौथम थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों जयकांत पासवान, पार्वती देवी और बच्ची रचना कुमारी की बेरहमी से हत्या कर दी थी. पहले तीनों पर हथौड़ी से हमला किया गया और फिर धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया गया. इसी हमले में परिवार की एक अन्य 10 वर्षीय बच्ची का भी गला रेता गया था, लेकिन वह बच गई. अब इसी बच्ची की हत्या की साजिश रचने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की.

मिथिलेश महतो के खिलाफ उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के सिरिसिया थाना में भी दो मामले दर्ज हैं. कांड संख्या 696/13 और 697/13 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्राथमिकी दर्ज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed