Patna: वैशाली एसपी ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारी पर सख्त कार्रवाई की है. सहदेई थाना के तत्कालीन थाना अध्यक्ष एसआई गौतम कुमार साह को मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज न करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है.
जन शिकायत निवारण के दौरान मामला आया सामने
मिली जानकारी के मुताबिक एक फरियादी ने वैशाली एसपी के समक्ष आवेदन देकर बताया कि 9 जून को उनके साथ गंभीर मारपीट हुई थी, जिसमें उनके सिर और पैर में चोटें आई थीं. पीड़ित ने घटना के संबंध में सहदेई थाना में आवेदन भी दिया था, लेकिन थाना अध्यक्ष द्वारा लगभग 20 दिनों तक प्राथमिककी दर्ज नहीं की गई. एसपी ने मामले की तत्काल समीक्षा और जांच कराई. जांच में यह तथ्य सामने आया कि थाना अध्यक्ष गौतम कुमार साह ने पीड़ित के आवेदन पर 20 दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की, जो उनके कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही दर्शाता है. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित थाना अध्यक्ष के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और लाइन हाजिर कर दिया गया है.
