Patna: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई सामने आई है. शिक्षा विभाग के वेतन सत्यापन कोषांग में तैनात अवर सचिव अमोद मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के नई सराय निवासी उमा शंकर उमरेबी ने निगरानी ब्यूरो पटना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता का आरोप था कि शिक्षा विभाग में एरियर का भुगतान कराने के एवज में अवर सचिव अमोद मिश्रा उनके पास से रिश्वत की मांग कर रहे हैं. निगरानी ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया. सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने का ठोस प्रमाण मिल गया. प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर निगरानी थाना (कांड सं0-079/26) में मामला दर्ज किया गया. वही एक धावादल का गठन किया गया. धावादल ने जाल बिछाकर आरोपी को पटना के गर्दनीबाग स्थित मिनिस्टर इन्क्लेव मोड़ के पास बुलाया. जैसे ही अमोद मिश्रा ने शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत ली, निगरानी की टीम ने उन्हें मौके पर ही धर दबोचा.
