Patna: राज्य के अंचलों में चल रहे राजस्व कार्यों की अब प्रतिदिन सीधे विभागीय स्तर से समीक्षा होगी. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने अंचल स्तर पर कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से नई अनुश्रवण व्यवस्था (मॉनिटरिंग सिस्टम) लागू की है. इसके तहत विभागीय सचिव जय सिंह या उनकी ओर से अधिकृत वरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) से अंचलों के कार्यों की समीक्षा करेंगे.

विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक दिन अपराह्न 3:30 से 4:00 बजे तक समीक्षा बैठक होगी. इस दौरान राज्य के दो अंचलों को चयनित कर उनके कार्यों की प्रगति की विस्तार से पड़ताल की जाएगी. इस बैठक में संबंधित अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है.

अधिकारियों के अनुसार विभाग का उद्देश्य है कि अंचल स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन हो और आम लोगों को भूमि संबंधी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके. इसके लिए प्रतिदिन होने वाली समीक्षा में ऑनलाइन दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी, अभियान बसेरा,  सरकारी भूमि सत्यापन,  राजस्व महा-अभियान, लोक भूमि अतिक्रमण और लोक शिकायत जैसे महत्वपूर्ण मामलों की प्रगति देखी जाएगी. विभाग के स्तर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि विभागीय आईटी मैनेजर रोजाना सुबह 10 बजे चयनित अंचलों की सूचना एवं वीसी लिंक संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे. समीक्षा बैठक विभागीय वीसी कक्ष या सचिव कक्ष से आयोजित की जाएगी. विभाग ने सभी समाहर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे अपने स्तर से भी संबंधित अधिकारियों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित कराएं, ताकि अंचलों में कार्य निष्पादन की गति और जवाबदेही दोनों बढ़ाई जा सके. निर्देशों की प्रति सभी अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी को भी भेजी गई है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *