Ranchi: रांची पुलिस ने माण्डर थाना क्षेत्र में हुए बमकांड का खुलासा कर दिया. मामला प्रेम प्रसंग का निकला. पूर्व प्रेमिका के नए प्रेमी ने हत्या की साजिश के तहत घर की छत पर सुतरी बम फेंकवाए थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल ईटकी थाना क्षेत्र के नारी के रहने वाले समीर केरकेट्टा को गिरफ्तार कर लिया. उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर ईटकी, बेड़ो आदि थाना क्षेत्र में छापामारी कर नरकोपी थाना क्षेत्र के कुरकुरा निवासी सरिता कुजूर और नगड़ी थाना क्षेत्र के वर्सा निवासी तबरेज अंसारी को गिरफ्तार किया गया. साथ ही 2 विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया. आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन और एक प्लसर बाईक पुलिस ने बरामद किया है. घटना से पहले अपराधियों ने कुलदीप के घर की रेकी की थी, समीर को तबरेज अंसारी व अन्य ने जंगल क्षेत्र में ले जाकर बम फेंकने का रिहर्सल कराया था. इस संबंध में माण्डर थाना (कांड सं0-74/26) में मामला दर्ज किया गया है.

डायल 112 पर मिली सूचना

मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी ने बताया कि 30 जून की अहले सुबह डायल 112 पर सूचना मिली कि माण्डर थाना क्षेत्र के ग्राम बोन्डो, महुआजाड़ी में कुलदीप खलखो के घर पर अज्ञात अपराधी ने सुतरी बम फेंका है. बम से घर का अल्वेस्टर टूट गया और घर के बाहर व छत पर तीन जिंदा सुतरी बम पड़े थे. एसएसपी के निर्देश पर खलारी डीएसपी के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित हुई. टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घर के दक्षिण तरफ फटे बम का अवशेष और तीन जिंदा बम बरामद किए. बीडीएस टीम की मदद से तीनों बम निष्क्रिय किए गए.

प्रेम प्रसंग बना वजह

अनुसंधान में खुलासा हुआ कि वादी कुलदीप खलखो का संबंध 1 साल पहले सरिता कुजूर से था. बाद में सरिता समीर केरकेट्टा के साथ रहने लगी. इसी बात को लेकर कुलदीप और समीर में मतभेद था. इसी रंजिश में समीर ने तबरेज अंसारी व अन्य के साथ साजिश कर कुलदीप की हत्या के नियत से छत पर 4 देशी सुतरी बम फेंके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *