Patna: बिहार पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ANT-एफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार में 16 लाख रुपये कीमत की 80 ग्राम हेरोइन ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 23.47 लाख नेपाली रुपये और 30 हजार भारतीय रुपये समेत अऩ्य सामान भी बरामद हुए हैं. गिरफ्तार तस्कर शहनवाज हुसैन दिघलबैंक थाना क्षेत्र के खर्वा टोला मोहमारी का रहने वाला है.
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शहनवाज हुसैन अपने घर में अवैध मादक पदार्थ का भंडारण कर खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना पर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में ANT-एफ टीम ने दिघलबैंक थाना क्षेत्र के खर्वा टोला मोहमारी में शहनवाज के घर पर छापेमारी की. तलाशी में उसके पास से 80 ग्राम हेरोइन ब्राउन शुगर, 30,550 रुपये भारतीय मुद्रा और 23,47,900 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद हुई. पूछताछ में शहनवाज ने बताया कि वह अपने घर में ब्राउन शुगर का भंडारण कर खरीद-बिक्री का काम करता था. गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों और बरामद हेरोइन के बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है. शामिल अपराधियों की अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर जप्त करने की कार्रवाई होगी. इस संबंध में दिघलबैंक थाना (कांड संख्या-178/26) में मामला दर्ज किया गया है.
