Ranchi: झारखंड पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राज्यभर में गुम और खोए हुए 1,114 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सुरक्षित वापस लौटाए गए हैं. सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल से यह सफलता हासिल हुई है. शुक्रवार को राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को उनके हैंडसेट सौंपे गए, जिससे आम नागरिकों के चेहरे पर खुशी और संतोष देखने को मिला. इस अभियान में कोडरमा जिला 177 मोबाइल फोन की बरामदगी के साथ राज्य में सबसे आगे रहा. वहीं गिरिडीह (105) और सरायकेला (103) ने भी शतकीय आंकड़ा पार करते हुए बड़ी संख्या में फोन उनके मालिकों तक पहुँचाए. राजधानी रांची में 47, पलामू में 97, सिमडेगा में 63 और बोकारो में 60 मोबाइल बरामद कर लौटाए गए.
जिला-वार बरामदगी का मुख्य विवरण
शीर्ष प्रदर्शन वाले जिले: कोडरमा (177), गिरिडीह (105), सरायकेला (103), पलामू (97), सिमडेगा (63), रामगढ़ (61) और बोकारो (60).
अन्य जिले: साहेबगंज (54), रांची (47), गढ़वा (38), हजारीबाग (39), पाकुड़ (36), गुमला (31), खूँटी (28), चाईबासा (26), जमशेदपुर (22), धनबाद (22), गोड्डा (21), लातेहार (20), जामताड़ा (17), दुमका (15), चतरा (14), लोहरदगा (09) और देवघर (09).
झारखंड पुलिस मीडिया सेल ने बताया कि CEIR पोर्टल के जरिए खोए हुए मोबाइलों को ट्रेस करने की प्रक्रिया लगातार जारी है. फोन वापस मिलने से न केवल नागरिकों को आर्थिक नुकसान से राहत मिली है, बल्कि उनके महत्वपूर्ण व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई है. पुलिस मुख्यालय का कहना है कि यह अभियान आगे भी इसी मुस्तैदी के साथ जारी रहेगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनके गुम हुए फोन वापस मिल सकें.
