Ranchi: हजारीबाग पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. ये अपराधी बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के बाबा पथ हुरहुरु में एक किराए के मकान में छिपकर साइबर फ्रॉड का रैकेट चला रहे थे. पुलिस ने इनके पास से 11 स्मार्ट मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, फर्जी टाटा पावर EV चार्जिंग स्टेशन के नाम पर बने आई-कार्ड और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी में बिहार के नवादा जिले के बारसलीगंज गोडापर के रहने वाले अमरजीत कुमार, संजीव कुमार, संटू कुमार, काशीचक पार्वती का रहने वाला प्रवीण कुमार और नालंदा जिले के बाराबंद के रहने वाले राजू कुमार का नाम शामिल है.

चार्जिंग स्टेशन फ्रेंचाइजी का झांसा देकर मोटी रकम की ऐंठन

हजारीबाग एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि हुरहुरु इलाके में रामेन्द्र कुमार सिन्हा के मकान में किराए पर रह रहे कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध हैं. सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने जब मकान की घेराबंदी की, तो वहां मौजूद आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने खदेड़कर धर दबोचा. पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे टाटा पावर EV (इलेक्ट्रिक व्हीकल) चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर लोगों से फर्जी दस्तावेजों के जरिए लाखों रुपये की साइबर ठगी करते थे. इस संबंध में बड़ा बाजार (सदर) थाने (कांड संख्या 226/26) में मामला दर्ज किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed