Patna: शराबबंदी कानून को और प्रभावी बनाने के लिए बिहार सरकार ने बड़ी रणनीति बनाई है. मद्यनिषेध मंत्री मदन साहनी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में जब्त अवैध शराब के 100 प्रतिशत विनष्टीकरण का लक्ष्य तय किया गया. राजधानी एक्सप्रेस, तेजस जैसी प्रमुख ट्रेनों और पटना एयरपोर्ट पर विशेष जांच व जागरूकता अभियान चलेगा. सभी विभाग-एजेंसियां समन्वय से काम करेंगी. सूचना-साझाकरण तंत्र मजबूत होगा. मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार नशामुक्त समाज के संकल्प पर कायम है. कानून तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. बैठक में विभागीय सचिव अजय यादव, आयुक्त उत्पाद अंशुल अग्रवाल, एसएसबी आईजी निशित कुमार उज्वल, आईजी रेल पंकज कुमार राज, डीआईजी मद्य निषेध अजय कुमार पाण्डेय, पटना एयरपोर्ट निदेशक सी०पी० द्विवेदी, दानापुर, सोनपुर, समस्तीपुर, कटिहार व डीडी उपाध्याय आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

मंत्री के 5 बड़े निर्देश

विनष्टीकरण: जब्त अवैध शराब के विनष्टीकरण में तेजी लाएं. सभी जिलों में 100% विनष्टीकरण का समयबद्ध लक्ष्य पूरा हो.

मालखाना जांच: सभी मालखानों का नियमित सत्यापन-निरीक्षण हो ताकि रख-रखाव और विनष्टीकरण में पारदर्शिता रहे.

बड़े तस्करों पर एक्शन: अवैध शराब के बड़े तस्करों-संचालकों पर कठोर कार्रवाई, जरूरत पर प्राथमिकी दर्ज हो.

सीमा पर सख्ती: चेक पोस्टों पर बड़े वाहनों की गहन जांच हो. राज्य में घुसने से पहले ही खेप जब्त करने को विशेष अभियान चलें.

रेल-हवाई रूट: बिहार आने वाली राजधानी, तेजस समेत सभी प्रमुख ट्रेनों में विशेष जांच दल तैनात हों. पटना एयरपोर्ट पर सूचना पट्ट, डिजिटल डिस्प्ले और उद्घोषणा से यात्रियों को शराबबंदी कानून की जानकारी दी जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *