Ranchi: राज्य भर की पुलिस इकाइयों में गृह निर्माण अग्रिम एवं मोटर कार अग्रिम से संबंधित सच्चिकाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी नहीं मिलने के कारण अग्रिम शाखा का कार्य बाधित हो रहा था. इसे दूर करने के लिए अब डीएसपी स्तर के एक पदाधिकारी को समन्वयक के रूप में नामित किया जाएगा. वित्त विभाग की शिकायत के बाद पुलिस मुख्यालय पत्र जारी कर सभी इकाइयों को आदेश दिया है कि गृह निर्माण और मोटर कार अग्रिम से जुड़ी सच्चिकाओं की जानकारी के लिए अब डीएसपी रैंक का एक नोडल अधिकारी तय करना अनिवार्य होगा.
वित्त विभाग ने की थी शिकायत
वित्त विभाग ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया था कि नेपाल हाउस स्थित अग्रिम शाखा को जानकारी जुटाने में परेशानी हो रही है क्योंकि हर बार अलग-अलग लोगों को व्यक्तिगत रूप से आना पड़ रहा है. इससे शाखा का सामान्य कामकाज प्रभावित हो रहा था.
इसी को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी क्षेत्रीय आईजी, डीआईजी, एसएसपी एवं समादेष्टाओं को निर्देश दिया है कि डीएसपी स्तर के एक पदाधिकारी को समन्वयक नामित करें. नामित समन्वयक ही गृह, विधि एवं वित्त विभाग की अग्रिम शाखा से संपर्क कर फाइलों की अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराएंगे. अब आवेदकों को बार-बार व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं होना पड़ेगा. समन्वयक पदाधिकारी का नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर यथाशीघ्र पुलिस मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया है.
