Ranchi: झारखंड शराब प्रकरण की जांच कर रहे एसीबी ने जांच को तेज कर दिया है. नए तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर ब्यूरो ने तत्कालीन उत्पाद आयुक्त राकेश कुमार और सहायक उत्पाद आयुक्त मनोज कुमार का विस्तृत बयान दर्ज किया है. एसीबी ने अब 11 अगस्त को तत्कालीन सहायक प्रशाखा पदाधिकारी मनोज कुमार वर्णवाल, मंगल प्रसाद सहाय और तत्कालीन उत्पाद निरीक्षक मीनाक्षी प्रसाद को पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए समन जारी किया है. इन अधिकारियों से विभागीय फाइलों, नोटशीटों और अनुमोदनों के संबंध में पूछताछ होगी. हाल के दिनों में दर्ज किए गए बयानों और उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण में कई महत्वपूर्ण तथ्य और नए पहलू सामने आए हैं. इन्हीं के सत्यापन के लिए जांच का अगला चरण शुरू किया गया है.
समन पर नहीं पहुंचे 3 लोग
इसी क्रम में 10 अगस्त को FLORENCE HEALTH CARE AND RESEARCH CENTER PRIVATE के निदेशक जतिन सहाय, A2Z Infra Services Ltd के निदेशक अरुण गौर, मनोज तिवारी और विकास अग्रवाल को एसीबी कार्यालय रांची में पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था. लेकिन वे निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं हुए. ब्यूरो ने कहा कि जांच चरणबद्ध, निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित तरीके से की जा रही है. प्रत्येक नए बयान का दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है ताकि तथ्यों का वैज्ञानिक सत्यापन हो सके. एसीबी प्रकरण को पूर्ण पारदर्शिता के साथ तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
