Ranchi: पुलिस मुख्यालय सभागार में झारखंड के डीजीपी तदाशा मिश्र ने आगामी त्योहार ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवसर पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के मद्देनजर समीक्षा बैठक की. इस बैठक में एडीजी अभियान टी० कंदसामी, आईजी विशेष शाखा प्रभात कुमार, बोकारो जोन के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, डीआईजी विशेष शाखा चौथे मनोज रतन, नौशाद आलम शामिल थे. वही सभी जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी, एएसपी और एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे. बैठक में क्रम में विगत वर्ष ईद-उल-जुहा (बकरीद) से संबंधित या अन्य सांप्रदायिक घटनाओं से संबंधित दर्ज कांडों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति, आगामी त्योहार के मद्देनजर असामाजिक तत्वों के विरूद्ध अपेक्षित निरोधात्मक कार्रवाई, विधि-व्यवस्था संधारण के लिए दंडाधिकारी एवं बलों की उपलब्धता एवं प्रतिनियुक्ति, धार्मिक स्थलों के आस-पास की गई सुरक्षात्मक कार्रवाई तथा आपातकालीन योजना, जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, जिलों में दंगारोधी सुरक्षा उपकरणों, दंगारोधी वाहन, वॉटर केनन की उपलब्धता एवं एंटी रॉयट कंट्रोल ड्रील की व्यवस्था, लंबित वांरट का निष्पादन की अद्यतन स्थिति, डीजे साउण्ड सिस्टम द्वारा उत्तेजक गानों के प्रसारण पर नियंत्रण, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी, प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी पर निगरानी रखने के संबंध में व्यापक रूप से समीक्षा किया गया.

समीक्षोपरांत डीजीपी ने सभी जिलों को राज्य में आगामी त्योहार के अवसर पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिये असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा है. वैसे जिले जहाँ पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं घटित हुई हैं, उन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ संप्रदायिक दंगों से संबंधित मामले का निष्पादन करने को कहा है. सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी तरह की अफवाह फैलाने पर तत्काल सत्यापन कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. जिला नियंत्रण कक्ष को अधिक प्रभावी रूप से कार्य करने, हॉट स्पॉट जगहों को चिन्हित कर उस पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. बलों के लिये मुलभूत सुविधा उपलब्ध कराने, स्पेशल ड्राईव चलाने, यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने, संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने एवं अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों पर विशेष निगरानी रखने का सभी एसएसपी, एसपी को निर्देश दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *