Ranchi: हजारीबाग जिले के पदमा फायरिंग बट पर आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय शूटिंग प्रतियोगिता का शुक्रवार को सफल समापन हो गया. प्रतियोगिता 6 अगस्त से शुरू हुई थी. समापन समारोह में हजारीबाग रेंड के डीआईजी अंजनी कुमार झा, एसपी अमन कुमार और एएसपी अभियान सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे. प्रतियोगिता में हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, गिरिडीह और कोडरमा जिले की पुलिस टीमों ने भाग लिया. दो दिनों तक चली विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने अनुशासन और उत्कृष्ट निशानेबाजी का परिचय दिया. कड़े मुकाबलों के बाद हजारीबाग टीम ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया.

मौके पर डीआईजी ने कहा, “इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिस बल की पेशेवर दक्षता, आत्मविश्वास और अनुशासन को नई मजबूती देती हैं. नियमित अभ्यास से जवानों की कार्यकुशलता बढ़ती है जिसका सीधा लाभ पुलिसिंग में मिलता है. एसपी ने हजारीबाग टीम को बधाई देते हुए कहा, “यह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है. जवानों का यही समर्पण जिले का नाम रोशन करेगा. “समारोह के अंत में विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को पदक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.

एसडीपीओ बरही को मिला स्वर्ण

पिस्टल स्पर्धा में शानदार निशानेबाजी करते हुए एसडीपीओ बरही राधा प्रेम किशोर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया. उनकी इस उपलब्धि पर अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *