Patna: रोहतास पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. धौडाढ़ थाना क्षेत्र में 6 महिला और 1 पुरुष समेत 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी में रोहतास जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीताबिगहा की रहने वाली लक्ष्मीना कुमारी, संध्या देवी, करबन्दिया की रहने वाली उषा देवी, रानी देवी, वजीरगंज की रहने वाली विमला देवी और बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के रहने वाले पाना कुँअर का नाम शामिल है. आरोपी के पास से एक बाईक और 6 मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है. गिरोह के लोग कम लिंगानुपात वाले राज्यों के लड़कों से संपर्क कर शादी के लिए बुलाते थे. झूठा विवाह रचाकर पैसे, गहना, कपड़ा लेकर फरार हो जाते थे. राजस्थान के सिरोही निवासी वादी छगनलाल के आवेदन पर धौडाढ़ थाना (कांड सं0 53/26) में 10 नामजद व 4-5 अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है.
क्या है पूरा मामला
राजस्थान के सिरोही जिले से एक लड़के वाले को शादी के लिए धौडाढ़ बुलाया गया. गिरोह ने डेढ़ लाख रुपये ऑनलाइन लेकर शादी की रस्म पूरी कराई. इसके बाद धौडाढ़ बाजार के आगे सुनसान जगह ले जाकर लड़की को बाईक से जबरन भगाने की कोशिश की. विरोध करने पर लड़के वालों से गाली-गलौज और मारपीट की गई. रोहतास एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सासाराम-1 के नेतृत्व में छापेमारी टीम ने कार्रवाई कर 7 लोगों को दबोच लिया.
