Patna: नालंदा जिले के छबिलापुर थाना क्षेत्र के केशरी बिगहा गांव में हुए चर्चित छोटे यादव हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल अप्राथमिकी आरोपी केशरी बिगहा निवासी सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है. पुलिस पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि मृतक और अभियुक्त के बीच पहले से जान-पहचान थी. दोनों के बीच 2,00,000 से अधिक की बकाया राशि को लेकर लंबे समय से विवाद और अनबन चल रही थी. इसी लेनदेन के विवाद में सुजीत ने वारदात को अंजाम दिया था. पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल देशी कट्टा जब्त कर लिया है.
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार बीती 12 जुलाई 2026 को केशरी बिगहा निवासी छोटे यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस संबंध में छबिलापुर थाना (कांड संख्या 117/26) में मामला दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई थी. अनुसंधान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली. सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने केशरी बिगहा निवासी सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
