Ranchi: घाघीडीह जेल से रची गई हत्या की खौफनाक साजिश का जुगसलाई पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में जुलसलाई थाना क्षेत्र के हुसैनी लाइन के रहने वाले मो० अयान अली उर्फ अयान बच्चा और दस्ताना बाड़ी के रहने वाले मो० इमरान उर्फ अलटु बच्चा का नाम शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों से लोहे के दो भारी धारदार हथियार और एक देशी कट्टा बरामद किया. कट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने जुगसलाई थाना (कांड संख्या 77/26) में मामला दर्ज किया है.
जेल में बंद खुर्शीद उर्फ भालुक ने रचा था षड्यंत्र
सिटी एसपी ने मालमे की जानकारी देते हुए बताया कि वादी मो० निजाम की हत्या कराने के लिए घाघीडीह जेल में बंद अभियुक्त मो० खुर्शीद उर्फ भालुक लगातार अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर साजिश रच रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया.
रेकी कर चुके थे आरोपी, बाल-बाल बचा था निजाम
पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई कि जेल में बंद भालुक के इशारे पर मो० अयान बच्चा और अलटु बच्चा भारी धारदार हथियार लेकर मो० निजाम की हत्या करने के उद्देश्य से पहुंचे थे. आरोपियों ने बाकायदा रेकी की और हमला करने का प्रयास भी किया, लेकिन निजाम किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा. इसके बाद जुगसलाई थाना (कांड संख्या 75/26) में मालमा दर्ज किया गया था.
गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. मो० अयान अली के खिलाफ जुगसलाई थाने में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में तीन मामले पहले से दर्ज हैं.
