Patna: बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में छिनतई एवं लूटपाट कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात ‘कोढ़ा गैंग’ के खिलाफ औरंगाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला चेन स्नैचिंग तथा पैसा छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले इस गिरोह के दो शातिर अपराधियों को एक पिस्तौल, दो गोली, दो मास्टर चाबी और चोरी की बाईक समेत अन्य सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधियों पर बिहार एवं झारखंड के अलग-अलग थानों में करीब 70 से अधिक मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार अपराधियों में कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नायाटोला जुराबगंज निवासी नयन्शु उर्फ अभय कुमार और हैरन कुमार का नाम शामिल है.
7 घटनाओं के बाद हरकत में आई पुलिस, एसआईटी गठित
मामले की जानकारी देते हुए औरंगाबाद एसपी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से औरंगाबाद शहर में लगातार चेन स्नैचिंग की वारदातें सामने आ रही थीं, जिसमें अकेले नगर थाना क्षेत्र में 07 घटनाएं दर्ज हुई थीं. मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया. एसआईटी को सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के जरिए एक ही गिरोह के इसमें लिप्त होने का सुराग मिला, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपराधियों को दबोच लिया गया. इससे पूर्व नगर थाना क्षेत्र में छिनतई की गई 04 सोने की चेन भी इन आरोपी के घर से बरामद की जा चुकी है. दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी से औरंगाबाद समेत बिहार और झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में छिनतई की वारदातों में भारी कमी आने की संभावना है.
पूछताछ में बिहार और झारखंड के कई जिलों में कबूली वारदातें
कड़ाई से की गई पूछताछ में अपराधियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि वे औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, किशनगंज और मुंगेर जैसे बिहार के जिलों के साथ-साथ झारखंड राज्य के गोड्डा, हजारीबाग, दुमका एवं अन्य जिलों में भी चेन और पैसे छिनतई की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं.
