Ranchi: जमशेदपुर के छायानगर में फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चार अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में करण वर्मा, निर्भय सिंह उर्फ छोटका, संतोष वर्मा उर्फ मुन्ना और कुणाल मुंडा उर्फ़ छिला का नाम शामिल है. चारो आरोपी सीतारामडेरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. आरोपी क पास से एक देशी कट्टा, एक गोली, तीन लोहे का चापड़ और दो मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है. आरोपी करन वर्मा 28 मार्च को नंदू लोहार की बहन के साथ बदतमीजी की थी, जिसका नंदू ने विरोध किया था. करण और उसके साथियों ने नंदू और उसके सहयोगियों को जान से मारने की धमकी दिया था. 31 मार्च की रात नंदू लोहार अपने साथी शनि पुष्टि और सुधीर बीन के साथ छायानगर सामुदायिक भवन के पास बैठा था. तभी आरोपितों ने हमला कर दिया.
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ने बताया कि 31 मार्च की रात करीब 09:30 बजे सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में अपराधियों ने नंदू लोहार उर्फ नंदु कर्मकार और जगरनाथ पुष्टि उर्फ सन्नी पुष्टि को गोली तथा चापड़ से हमला कर गभीर रूप से घायल कर दिया. जख्मी नंदू लोहार के फर्द बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना (कांड सं०-35/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले के उद्भेदन के लिए मु०-प्रथम डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम छापामारी करते हुए चार अपराधी करण वर्मा, निर्भय सिंह उर्फ छोटका, संतोष वर्मा उर्फ मुन्ना और कुणाल मुंडा उर्फ छिला को मानगो बस स्टैंड से गिरफ्तार किया. चारो आरोपी शहर छोड़ कर बस से पटना भागने की तैयारी में था. आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा एवं तीन चापड़ तथा दो मोबाइल बरामद किया गया. करण वर्मा, निर्भय सिंह उर्फ छोटका और कुणाल मुंडा उर्फ़ छिला का अपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी के विरुद्ध सीतारामडेरा और ओलीडीह में आधा दर्जन मामला दर्ज है.
