Patna: रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस की वर्दी पहनकर आम लोगों और राहगीरों को ठगने व लूटने वाले एक खतरनाक गिरोह का रोहतास पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दरोगा और कमांडो की वर्दी पहने कुल 5 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की में शिवसागर थाना क्षे6 के कोनार निवासी प्रवीण सिंह, करगहर थाना क्षेत्र के बैरीबांध निवासी इशरार आलम, चेनारी थाना क्षेत्र के छितराटांड के रहने वाले रजनीश कुमार, कैमूर जिले के सबार थाना क्षेत्र के अमाव निवासी दिवाकर कुमार सिंह उर्फ दिवाकर मौर्या और कुदरा थाना क्षेत्र के बसतलवा निवासी बिरेन्द्र कुमार का नाम शामिल है. मौके पर से दो देशी कट्टा, चार गोली, एक खिलौना साउंड गन, 5 एंड्राइड मोबाइल सेट, एक XLG चार चक्का वाहन, दो नंबर प्लेट, बिहार पुलिस दरोगा का फर्जी ID कार्ड (रजनिश सिंह नाम से), बैच, टोपी,  मास्क, ‘POLICE CAUTION LED Light’, पुलिस लिखा बोर्ड व स्टीकर पुलिस ने बरामद किया है.

रिलायंस पेट्रोल पंप के पास रची जा रही थी साजिश

पुलिस के अनुसार 26 सितंबर की रात करीब 8:00 बजे शिवसागर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी. सूचना थी कि पखनारी स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हाईवे किनारे उजले रंग की एक कार (BR-01PQ-3756) में सवार कुछ संदिग्ध लोग पुलिस का रौब दिखाकर लूटपाट की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही एसडीपीओ, सासाराम-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार पहिया वाहन को घेर लिया. वाहन में दारोगा की फुल वर्दी पहने एक व्यक्ति, बिहार पुलिस कमांडो की वर्दी पहने एक व्यक्ति और चालक समेत कुल 5 लोग सवार थे.

फर्जी आईडी से खुली पोल

पूछताछ के दौरान दारोगा की वर्दी (डबल स्टार) पहने व्यक्ति ने अपना नाम रजनीश सिंह बताया. उसके नेम प्लेट पर भी ‘RAJNISH SINGH’ लिखा था. संदेहास्पद जवाब मिलने पर जब पुलिस ने आईडी कार्ड मांगा, तो उसकी पोल खुल गई और फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ. पुलिस ने तत्काल पांचों को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार अपराधियों में से इशरार आलम और दिवाकर कुमार सिंह का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. दिवाकर के खिलाफ पटना के शास्त्री नगर थाने में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है. पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed