Patna: सारण पुलिस ने जलालपुर थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई एक अज्ञात व्यक्ति की अंधी हत्या के मामले का महज कुछ ही दिनों में सफल खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की मुख्य वजह पूर्व का प्रेम-प्रसंग, विवाद और मृतक द्वारा महिला आरोपी को फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल व परेशान करना था.

सड़क किनारे झाड़ियों में मिला था शव

मामला 13 सितंबर 2026 का है, जब जलालपुर थाना क्षेत्र के दुबलिया-बेलकुंडा चेवर में पक्की सड़क के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था. इस संबंध में जलालपुर थाना (कांड संख्या-342/26) में मामला दर्ज किया गया. सारण एसएसपी के निर्देशन में एसडीपीओ (सदर-2) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. तकनीकी व मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना अंतर्गत अगरौली निवासी दीपक कुमार यादव के रूप में की. आगे की जांच में पता चला कि मृतक का महिला आरोपी के साथ पुराना प्रेम-प्रसंग और विवाद चल रहा था, और वह महिला को उसके फोटो/वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था. पुलिस टीम कार्रवाई करते हुए बनियापुर थाना क्षेत्र के हरिपुर से महिला आरोपी को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से उसके भाई को भी दबोच लिया. गिरफ्तार पुरुष आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर दक्षिण दिशा की झाड़ी से हत्या में इस्तेमाल लकड़ी के बेट वाला धारदार हशुआ, लगभग 3 फीट लंबा लोहे की पट्टी जैसा रॉड, 3 मोबाइल फोन और ट्रेन का जनरल क्लास टिकट जब्त किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed