Ranchi: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित कैनरा बैंक में बीते 24 सितंबर को हुई करोड़ों की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता की उम्मीद है. पुलिस प्रशासन ने वारदात को अंजाम देने वाले 5 अज्ञात शातिर अपराधियों की तस्वीरें (सीसीटीवी फुटेज) सार्वजनिक कर दी हैं. इसके साथ ही पुलिस ने प्रत्येक फरार अपराधी की गिरफ्तारी पर 2,00,000 (दो लाख रुपये) के इनाम की घोषणा की है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर को गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूट लिए थे. इस संबंध में गोलमुरी थाना (कांड संख्या- 103/26) में मामला दर्ज किया गया है.
लगातार ठिकाने बदल रहे हैं शातिर लुटेरे
पुलिस अनुसार, ये सभी अपराधी बेहद शातिर किस्म के हैं और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल-बदल कर छिप रहे हैं. पुलिस की कई टीमें इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं.
सूचना देने वाले का नाम रखा जाएगा गुप्त
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि तस्वीरों में दिख रहे इन अपराधियों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी.
सूचना देने के लिए संपर्क नंबर:
एसएसपी, जमशेदपुर: 9431706480
सिटी एसपी जमशेदपुर: 9471190203
सिटी डीएसपी: 9431706483
