Ranchi: अपहरण का विरोध करने पर मारपीट कर शहर से भाग रहे आठ अपराधी को पलामू के शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी को बिस्फोटा चौक स्थित रेलवे अंडरपास के नजदीक से पकड़ा गया है. गिरफ्तार आरोपी में कसाई मोहल्ला के रहने वाले सद्दाम कुरैशी, वशीम अहमद (उर्फ बंटी कालिया), भट्ठी मोहल्ला के रहने वाले छोटू चंद्रवंशी, रौशन चंद्रवंशी, किशु गुप्ता, बेलवाठीका निवासी सूरज चंद्रवंशी, पनेरी गली के रहने वाले रितेश चंद्रवंशी (उर्फ मामा) और कर्बला रोड के रहने वाले वशीम अकरम का नाम शामिल है. आरोपी के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, 13 गोली, मैगजीन, स्कॉर्पियो और चार मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है.
मामले की जानकारी देते हुए पलामू एसपी ने बताया कि 30 मार्च को भट्टी मोहल्ला के समीप सद्दाम कुरैशी एवं उसके सहयोगियों द्वारा आनंद कुमार रवि के अपहरण का प्रयास किया गया था. विरोध करने पर अपराधियों ने पीड़ित के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के संबंध में शहर थाना (कांड संख्या-116/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सभी आरोपी स्कॉर्पियो (JH01 GJ 3950) से जिले से बाहर भागने की फिराक में हैं. सूचना पर पुलिस टीम बिस्फोटा चौक स्थित रेलवे अंडरपास के समीप चेकनाका लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया. बीते देर रात करीब 10:45 बजे संदिग्ध वाहन को रोका गया. तथा उसमें सवार सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, गोली, मोबाइल एवं स्कॉर्पियो बरामद किया गया. गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है. पूर्व में हत्या एवं रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्तता रही है. इस संबंध में शहर थाना कांड (संख्या-117/26) में मामला दर्ज किया गया है.
