Ranchi: डीजीपी तदाशा मिश्र ने पलामू रेंज की क्राइम और लॉ एंड ऑर्डर पर समीक्षा बैठक की। मुहर्रम के शांतिपूर्ण आयोजन, महिला अपराध, पॉक्सों, मॉब लिंचिंग, एससी-एसटी एक्ट और साइबर क्राइम पर सख्त निर्देश दिए. संवेदनशील मामले में स्पीडी ट्रायल और दोषसिद्धि दर बढ़ाने को कहा। चेंबर ऑफ कॉमर्स की समस्याएं भी सुनीं.

मुहर्रम की तैयारियों का विश्लेषण

डीजीपी तदाशा मिश्र ने एसपी कार्यालय पलामू में पलामू रेंज की बैठक की अध्यक्षता की. आगामी मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन की तैयारियों का विश्लेषण किया. पिछले एक साल के महत्वपूर्ण मामले, संवेदनशील सांप्रदायिक और आपराधिक घटनाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की. ऐसे मामलों में त्वरित अनुसंधान और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया.

पॉक्सो और महिला अपराध पर सख्ती

महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर डीजीपी ने गंभीर रुख अपनाया. महिला अत्याचार और पोक्सो अधिनियम के मामलों की समीक्षा की. निर्देश दिया कि पीड़ितों को त्वरित सहायता मिले और जांच समय-सीमा में पूरी कर न्याय दिलाएं.

साइबर क्राइम पर चलेगा विशेष अभियान

मॉब लिंचिंग, एससी-एसटी एक्ट, संपत्ति मूलक अपराध, साइबर अपराध, मानव तस्करी और संगठित अपराध की समीक्षा हुई. डीजीपी ने कहा कि साइबर क्राइम और संगठित अपराध के खिलाफ विशेष अभियान चलाएं. तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपराधियों पर कार्रवाई हो.

स्पीडी ट्रायल पर जोर

लंबित मामलो और कोर्ट में विचाराधीन मामलों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील मामलों का स्पीडी ट्रायल कराने को कहा. गंभीर अपराधों में अभियोजन पक्ष से बेहतर समन्वय बनाकर दोषसिद्धि दर बढ़ाने का निर्देश दिया.

नए कानूनों के अनुपालन के निर्देश

भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के कार्यान्वयन की समीक्षा की. सभी पुलिस अफसरों को नए कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने और अनुसंधान को नए प्रावधानों के अनुरूप करने को कहा.

सीसीटीवी और गुम मोबाइल पर निर्देश

जिलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और कवरेज की समीक्षा की. सार्वजनिक और संवेदनशील जगहों पर निगरानी और मजबूत करने को कहा. गुम मोबाइल की बरामदगी पर नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन और फोन लौटाने का निर्देश दिया.

चेंबर ऑफ कॉमर्स से मुलाकात

डीजीपी ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और निराकरण का आश्वासन दिया. पुलिस सभा कर पुलिसकर्मियों के कल्याण और कार्यस्थल की समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया.

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह, आईजी सीआईडी अजय लिंडा, डीआईजी पलामू कौशल किशोर, गढ़वा, लातेहार और पलामू एसपी और अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed