Ranchi: रांची पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के 50 लाख की लेवी लेने आए 2 सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है. पकड़े गए अरुण लोहरा और सूरज लोहरा के पास से पीएलएफआई के राजेश यादव के नाम वाले 2 पर्चे, बाईक और मोबाइल बरामद हुए हैं. दोनों खूंटी के बेलवादाग के रहने वाले हैं.
साहेर गांव के बजरंग महतो से मांगी थी 50 लाख रंगदारी
22 मई को नगड़ी थाना क्षेत्र के साहेर गांव के बजरंग महतो से पीएलएफआई ने वाह्टसअप कॉल कर 50 लाख रुपये लेवी मांगी थी. धमकी मिलने पर नगड़ी थाना में (कांड सं0-84/26) में मामला दर्ज किया गया. एसएसपी के आदेश पर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया. तकनीकी शाखा और गुप्त सूचना से पता चला कि 4 जून को तुपुदाना के सफायर स्कूल बारहमाईल चौक पर अपराधी लेवी लेने आने वाले हैं. छापामारी दल सफायर स्कूल के पास छुपकर इंतजार करने लगा. कुछ देर बाद लाल अपाची बाइक (JH01CX4239) पर दो लोग आए. पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर दोनों को दबोच लिया. पूछताछ में उन्होंने नाम अरुण लोहरा और सूरज लोहरा बताया. दोनों ने लेवी लेने आने की बात कबूल की.
