Patna: कटेया थाना क्षेत्र के ग्राम पोटहवा में 18 जून को डांस कार्यक्रम के दौरान हुई डांसर सोनू गोंड हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर लिया है. गोपालगंज एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 4 दिन के अंदर 2 आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और दो गोली बरामद कर लिए हैं. गिरफ्तार आरोपी में शैलेश कुमार सिंह और चांद अली का नाम शामिल है. दोनो आरोपी कटेया थाना क्षेत्र के रहने वाले है. पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि डांस कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्डिंग बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और इसी दौरान गोलीबारी की घटना हुई.
क्या है मामला
18 जून की रात को कटेया थाना क्षेत्र के ग्राम पोटहवा में आयोजित डांस कार्यक्रम के दौरान यूपी के देवरिया जिले के तरकुलवां थाना क्षेत्र के शिवा टोला की रहने वाली डांसर सोनू गोंड की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस संबंध में कटेया थाना (कांड संख्या-324/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता देखते हुए गोपालगंज एसपी के निर्देशानुसार हथुआ एसडीपीओ एवं थानाध्यक्ष कटेया के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए शैलेश कुमार सिंह और चांद अली गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में गिरफ्तार शैलेश कुमार सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल एवं गोली भोरे थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर कटहरी स्थित राधेश्याम यादव के घर से बरामद किया गया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मानवीय-तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी चल रही है.
