Patna: पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमण, अवैध निर्माण, अनियंत्रित वाहन परिचालन और गंदगी के मामलों पर अब सख्ती होगी. बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने शनिवार को औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न समस्याओं की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चिह्नित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाने का निर्देश दिया.
औद्योगिक इकाइयों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एमडी ने डेटा सेंटर, आधारभूत संरचनाओं और विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयों में संचालित गतिविधियों का जायजा लिया. उन्होंने Ravi Industry, Recon Engicon Pvt. Ltd., UNO Digital Pvt. Ltd., SLMG Beverage Pvt. Ltd., CtrlS, Ambe Infra Green LLP, Aeron Healthcare Pvt. Ltd., Bihar Trade Tower, Maa Re Rolling Mill, Puja Printech Pvt. Ltd. सहित कई इकाइयों का निरीक्षण किया.
इस दौरान यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, अतिक्रमण, अवैध निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई.
प्रवेश द्वारों पर लागू होगा एक्सेस कंट्रोल
औद्योगिक क्षेत्र में निजी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर एक्सेस कंट्रोल व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया गया. मुख्य और आंतरिक सड़कों के दोनों ओर औद्योगिक इकाइयों द्वारा अनधिकृत रूप से निर्माण सामग्री रखे जाने के मामलों में भी नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया.
गंदगी फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
औद्योगिक क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल सफाई कराने और कचरा हटाने का निर्देश दिया गया. सड़क किनारे कचरा फेंकने पर रोक लगाने के लिए संबंधित इकाइयों को माइकिंग और नोटिस के माध्यम से जागरूक किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान पॉलिटेक्निक और साईं मंदिर के निकट बियाडा की भूमि पर अनधिकृत वाहन पार्किंग का मामला भी सामने आया. इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, साईं मंदिर के संचालक द्वारा बियाडा की जमीन पर कथित अनधिकृत भवन निर्माण के संबंध में नोटिस जारी करने को कहा गया.
सड़क मरम्मत का खर्च बुडको से वसूलने की तैयारी
सड़क और आधारभूत संरचनाओं के रखरखाव में लापरवाही पर भी एमडी ने नाराजगी जताई. बुडको द्वारा सीवर लाइन की मरम्मत के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल नहीं किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सड़क की पुनर्स्थापना पर होने वाले अनुमानित खर्च की वसूली के लिए बुडको को पत्र जारी करने का निर्देश दिया.
निर्माण कार्यों की होगी नियमित निगरानी
औद्योगिक क्षेत्र में भवन निर्माण की गुणवत्ता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए स्वीकृत सूचीबद्ध वास्तुविदों से अनुमोदित नक्शे के अनुरूप निर्माण कराने पर जोर दिया गया. बियाडा के अभियंताओं को समय-समय पर निर्माण कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया गया.
एमडी ने कार्यपालक निदेशक (ऑपरेशंस) को निरीक्षण में चिह्नित सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित उप महाप्रबंधक (DGM) एवं अन्य अधिकारियों के माध्यम से प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी सुधारात्मक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए. बियाडा का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं, स्वच्छता और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराकर बिहार में निवेश के अनुकूल माहौल को मजबूत करना है.
