Patna: अररिया जिला अंतर्गत नरपतगंज थाना क्षेत्र के खैरा गढ़िया इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम द्वारा स्मैक तस्करों का पीछा किया गया. इस कार्रवाई के दौरान दो स्मैक तस्करों दयानंद साह और अनिल साह को हिरासत में लिया गया था. आगे की रिकवरी के संबंध में टीम को खैरा गढ़िया के पास एक और सूचना मिली, जिसके बाद टीम दोनों तस्करों को लेकर अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए उनके लोकेशन पर मौजूद थी. इसी दौरान खैरा गढ़िया पंचायत के मुखिया पति मो० फारुख ने तस्करों के सहयोग में लोगों को मोबिलाइज (गोलबंद) किया और एसटीएफ टीम पर हमला बोल दिया.
इस अचानक हुए हमले में एक पुलिस अधिकारी एवं तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. इसका फायदा उठाकर हमलावरों ने हिरासत में लिए गए एक स्मैक तस्कर को स्मैक के साथ छुड़ा लिया. हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमलावरों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया है. हिरासत में लिए गए आरोपी में दयानंद साह, राजकुमार साह और जुल्फकार का नाम शामिल है. तीनों आरोपी नरपतगंज थाना क्षेत्र का रहने वाले हैं.
