Ranchi: पारसनाथ की पहाड़ियों में नक्सलियों की कथित साजिश को नाकाम करने के लिए गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाया. इस दौरान जिश्खाबेड़ा जंगल के पास से केन बम, ग्रेनेड शेल और विस्फोटक तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई. पुलिस के अनुसार, नक्सलियों द्वारा किसी विध्वंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री और हथियार छिपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी.

मिली जानकारी के अनुसार बीते रात गिरिडीह एसपी और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के कमांडेंट को इस संबंध में सूचना मिली. सूचना पर कार्रवाई के लिए पुलिस एवं सीआरपीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई. अभियान में एएसपी अभियान, सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी, खुखरा थाना प्रभारी, मधुबन थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा सीआरपीएफ क्यूआरटी और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे. संयुक्त टीम ने पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में जिश्खाबेड़ा जंगल के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया. तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को संदिग्ध विस्फोटक सामग्री और ग्रेनेड तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले सामान मिले. बरामद सामग्री को सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब पांच किग्रा का एक केन बम, लगभग 35 मीटर कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर का एक बंडल, लोहे के 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल, ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री और एक इमरजेंसी लाइट बरामद किया गया है. जंगल में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों की सतर्कता बढ़ गई है. बरामद सामान का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है, इसकी जांच महत्वपूर्ण होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed