Patna: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बांका जिले के चांदन अंचल कार्यालय में पदस्थापित सर्वे अमीन आदित्य कुमार को 8,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी को चांदन स्थित उसके किराये के आवास से दबोचा गया.
क्या है पूरा मामला?
दिनेश मंडल ने निगरानी ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप था कि सर्वे अमीन आदित्य कुमार ने इनकी जमीन के सर्वे के दौरान कागजात/पर्चा में जानबूझकर नाम, जाति, चौहद्दी, रकवा एवं खेसरा में त्रुटि अंकित कर दी. इन अशुद्धियों को सुधारने के एवज में आरोपी रिश्वत की मांग कर रहा था. रुपये नहीं देने पर फाइल आगे नहीं बढ़ाने की धमकी दी गई थी.
ऐसे फंसा घूसखोर अमीन
ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया. सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की गई. निगरानी थाना (कांड सं0-066/26) में मामला दर्ज किया गया. डीएसपी के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया. धावादल ने कार्रवाई करते हुए सर्वे अमीन आदित्य कुमार को 8,500 रुपये रिश्वत लेते हुए किराये के आवास से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे भागलपुर स्थित विशेष न्यायालय पेश किया जाएगा.
