Ranchi: लगातार हो रही बारिश और मानसून को देखते हुए कोडरमा एसपी ने अपने जवानों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है. शनिवार को जिले के पुलिसकर्मियों के बीच रेनकोट का वितरण किया गया. एसपी के निर्देश पर जिले की विभिन्न पुलिस इकाइयों के जवानों को बरसाती उपलब्ध कराई गई. इनमें तिलैया पैंथर, कोडरमा पैंथर, डोमचांच पैंथर, यातायात कोडरमा, यातायात तिलैया, क्यूआरटी, पीसीआर, तिलैया थाना, कोडरमा थाना, चंदवारा थाना, डोमचांच थाना, नवलशाही थाना, मरकच्चो थाना, जयनगर थाना, ढाब थाना, सतगांवा थाना और तिलैया डैम ओपी शामिल है.
क्या बोले एसपी
एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति और मौसम में आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं. ऐसे में उनका स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. बरसाती उपलब्ध कराने का उद्देश्य ये सुनिश्चित करना है कि लगातार वर्षा के दौरान भी पुलिसकर्मी सुरक्षित और स्वस्थ रहते हुए बिना किसी असुविधा के अपनी ड्यूटी का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें. चौक-चौराहे, चेकिंग पॉइंट, पेट्रोलिंग और डैम ड्यूटी पर तैनात जवान अब बारिश में भीगेंगे नहीं. इस पहल से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा है और वे अब बिना रुकावट कानून-व्यवस्था संभालेंगे.
