Patna: स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मंगलवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल (एलएनजेपी) का औचक निरीक्षण किया. उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि भी मौजूद थे. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई, जांच व्यवस्था और इलाज में मिली लापरवाही पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए. निरीक्षण की शुरुआत ट्रॉमा सेंटर से हुई. मंत्री ने भर्ती मरीजों से मिलकर हालचाल जाना और इलाज व सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया. इसके बाद वार्ड, ओपीडी, पुरुष शौचालय, दवा वितरण केंद्र और कैंटीन का जायजा लिया. कई जगहों पर सफाई व्यवस्था खराब मिलने और मरीजों के BP, शुगर और पैथोलॉजी जांच में देरी पर उन्होंने नाराजगी जताई.

24 घंटे पैथोलॉजी और स्टाफ बढ़ाने के आदेश

स्वास्थ्य मंत्री ने पैथोलॉजी विभाग को 24 घंटे संचालित करने और लैब टेक्नीशियन व पैरामेडिकल कर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तुरंत भेजने का निर्देश दिया. उन्होंने ओपीडी में AC खराब होने की शिकायत पर उसे तुरंत दुरुस्त कराने को भी कहा.

डॉक्टरों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित मिले वरिष्ठ सर्जन डॉ. आर.के. रौशन से मंत्री ने फोन पर बात की. जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्हें शो-कॉज किया गया है. वहीं न्यूरोसर्जन डॉ. श्याम किशोर द्वारा मरीज को बाहरी जांच लिखे जाने की शिकायत पर स्पष्टीकरण मांगा गया है. स्वास्थ्य सचिव ने कुछ डॉक्टरों को बिना एप्रन ड्यूटी करते पाया, जिस पर ड्रेस कोड का अनिवार्य पालन करने का निर्देश दिया गया.

नए भवन की प्रगति

मंत्री ने परिसर में निर्माणाधीन 400 बेड वाले नए अस्पताल भवन और MRI सेंटर का भी निरीक्षण किया. BMSICL के MD सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि भवन का काम अगस्त 2026 तक पूरा और सितंबर 2026 से संचालन शुरू हो जाएगा. अंत में मंत्री और सचिव ने अस्पताल निदेशक डॉ. राकेश कुमार चौधरी के साथ बैठक कर रेडियोलॉजिस्ट, लैब टेक्नीशियन और पैरामेडिकल स्टाफ की रिक्तियों की सूची मांगते हुए अनियमितताएं जल्द दूर करने का निर्देश दिया. मंत्री ने स्पष्ट कहा – “मरीजों की सुविधा और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed