Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 21 जून को होने वाली NEET-2026 परीक्षा की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिया कि परीक्षा के आयोजन में निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन हो और किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होने कहा “अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई करें. राज्य सरकार निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
बस सेवा फ्री, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश
NEET में शामिल सभी परीक्षार्थियों के लिए बिहार की सभी सरकारी बसों में आवागमन निःशुल्क होगा. सभी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें. प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, केंद्रों की निगरानी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है. परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, चिकित्सा सहायता की समुचित व्यवस्था करने को कहा है. अभ्यर्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन और सूचना तंत्र प्रभावी बनाया जाए.
331 केंद्रों पर होगी परीक्षा
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर ने बताया कि राज्य के 35 जिलों के 331 केंद्रों पर परीक्षा का संचालन होगा. प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए पूरी तरह सक्रिय है.
